यूं तो शरीर के अलग अलग अंगों के लिए तरह तरह के व्यायाम हैं लेकिन अगर आप वज़न कम करना चाहते हैं तो कुछ ख़ास व्यायाम के बारे में जानना ज़रूरी है। तो आइए जानते हैं उन व्यायाम के बारे में जो वज़न घटाने में फ़ायदेमंद हैं। 

exercise

वज़न कम करने के लिए लोग डाइटिंग के अलावा कई तरह की कसरत भी करते हैं। जो लोग अपने शरीर में जमा अतरिक्त फैट्स और कैलोरी को बर्न करना चाहते हैं, उन्हें व्यायाम से काफ़ी फ़ायदा मिलता है। व्यायाम करने से ना सिर्फ़ वज़न कम करने में मदद मिलती है बल्कि मूड अच्छा रहता है, हड्डियां मज़बूत होती हैं और आप कई तरह की ख़तरनाक बीमारियों से भी बचते हैं।  

walking

वॉकिंग यानि पैदल चलना उन लोगों के लिए फ़ायदेमंद और एक आसान तरह का व्यायाम है जो व्यायाम करने की शुरूआत कर रहे हैं। हर रोज़ कम से कम तीस मिनट तक वॉक करने की आदत डालें और धीरे धीरे इसकी अवधि बढ़ाते जाएं। वॉकिंग करने में किसी भी तरह के उपकरण नहीं लगते और जोड़ों पर भी कम दबाव पड़ता है। जैसे जैसे आपको इसकी आदत होती जाती है, अपनी ज़रूरत के हिसाब से वॉकिंग का समय बढ़ाते जाना चाहिए।  

jogging

जॉगिंग भी वज़न कम करने में सहायक है जिसके लिए आपको कम से कम 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से दौड़ना होता है। जॉगिंग करने में दौड़ने की अपेक्षा गति कम होती है इसलिए जिनकी हड्डियां मज़ूबत हैं वो जॉगिंग कर सकते हैं। जॉगिंग करने से पेट पर जमी चर्बी कम होती है और साथ ही डायबिटीज़ और दिल की बीमारियों से बचने में मदद मिलती है। हर रोज़ कम से कम तीस मिनट तक जॉगिंग करने से लाभ पहुंचता है। 

cycling

साइक्लिंग करना हर किसी को पसंद होता है जिससे पैरों की मांसपेशियां मज़बूत होती हैं और साथ ही पूरा शरीर फिट रहता है। आजकल लोगों के पास जगह की कमी है इसलिए घर पर या जिम में स्टेशनरी बाइक के ज़रिए आप पसीना बहा सकते हैं। साइक्लिंग हर उम्र के लोगों के लिए एक बढ़िया व्यायाम है जिसकी गति को आप अपनी ताकत के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं।  

swimming

साइक्लिंग के अलावा तैराकी भी लोगों को बेहद पसंद होती है जो ना सिर्फ़ मस्ती के लिए की जाती है बल्कि एक तरह की कसरत भी है। पानी में तैरने के लिए पूरे शरीर को ताकत लगानी पड़ती है जिससे अधिक मात्रा में कैलोरी बर्न होती है। एक अनुमान के मुताबिक 30 मिनट तक तैरने पर एक 70 किलो वज़न का व्यक्ति लगभग 300 से 400 कैलोरी बर्न कर पाता है। ना सिर्फ़ इससे वज़न कम करने में मदद मिलती है बल्कि इससे शरीर सही शेप में भी रहता है। जिन लोगों के जोड़ों में दर्द रहता है उनके लिए स्वीमिंग एक बेहतरीन कसरत है।