क्या आप जानते हैं व्यायाम करने का सही समय? 

exercise at home

हमारी भागदौड़ भरी ज़िंदगी में हमें व्यायाम करने का समय कम ही मिल पाता है लेकिन कसरत हमारे जीवन में बहुत ही ज़रूरी है क्योंकि ये हमें चुस्त दुरूस्त बनाए रखता है और शरीर में जमा फैट्स को कम करने में मदद करता है। इसलिए बहुत से लोग ऐसे हैं जो किसी ना किसी तरह के व्यायाम के लिए समय निकाल लेते हैं। हालांकि व्यायाम करने के लिए भी सही समय का चुनाव होना ज़रूरी है, तो आइए जानते हैं कि किस समय व्यायाम करना अधिक लाभकारी है।  

  • व्यायाम का समय लोग अपनी सुविधानुसार चुनते हैं। कई लोग अलग अलग समय पर ऑफिस या फिर काम पर जाते हैं इसलिए उनका व्यायाम का समय भी अलग होता है। लेकिन फिर भी सुबह के समय को व्यायाम के लिए सबसे अच्छा माना जाता है क्योंकि इस समय हवा दिनभर के मुकाबले में ज्यादा साफ़ सुथरी होती है और शुद्ध हवा हमारे श्वसन तंत्र के लिए अच्छी होती है।  
  • सुबह हमारा पेट खाली होता है इसलिए इस समय व्यायाम करने से शरीर में मौजूद फैट्स ज्यादा मात्रा में बर्न होते हैं। सुबह के समय खाली पेट व्यायाम करने से दूसरे किसी समय के मुकाबले लगभग बीस प्रतिशत ज्यादा चर्बी पिघलती है।  
  • व्यायाम करने से हमारी दिल की धड़कन और शरीर का तापमान बढ़ जाता है जिससे हम दिन भर उर्जा से भरे रहते हैं। वहीं देर शाम व्यायाम करने से हमें नींद आने में दिक्कत हो सकती है।  
  • मोटापे की शिकार महिलाओं पर किए गए एक रिसर्च के मुताबिक सुबह के समय व्यायाम करने पर वे स्वादिष्ट भोजन खाने के प्रति कम आकर्षित हुई हैं। यानि सही समय पर व्यायाम से वज़न कम करने में भी मदद मिलती है।  
  • इसके अलावा सेहतपसंद लोगों के लिए सुबह में व्यायम करना एक प्रकार की उपलब्धि होती है जिससे उन्हें मानसिक तौर पर भी संतुष्टि मिलती है।  

हालांकि देर शाम और रात में भी कई लोग कसरत करते हैं जिसके अपने फ़ायदे हैं। किसी को भी व्यायाम के लिए अपने समय का चुनाव सुविधा और समय को देखकर करना चाहिए तभी वह हमारे लिए फ़ायदेमंद हो सकता है।