क्या आप जानते हैं कि फेशियल योगा के ज़रिए आप अपने चेहरे को लंबे वक्त तक जवां और ख़ूबसूरत बनाए रख सकते हैं? आइए जानते हैं क्या होता है फेशियल योगा और कैसे ये हमारी त्वचा में निखार को बनाए रखता है।  

facial yoga for skin

चेहरे को ख़ूबसूरत बनाए रखने के लिए आप क्या नहीं करते लेकिन उम्र ढलने के साथ ही चेहरे पर आ जाती हैं झुर्रियां। बढ़ती उम्र में चेहरे पर बारीक लकीरें दिखने लगती हैं और निखार भी कम हो जाता है जिसकी वजह से एक व्यक्ति का आत्मविश्वास और अच्छा दिखने की चाह कम होने लगती है। पर अब परेशान ना हों क्योंकि फेशियल योगा के ज़रिए आप पा सकते हैं कुदरती तौर पर निखरा और दमकता हुआ चेहरा। शरीर के दूसरे हिस्सों की मांसपेशियों की तरह ही होती है हमारे चेहरे की मांसपेशियां। जिस तरह हम शरीर को कसने और तंदरूस्त रखने के लिए कसरत और योगा करते हैं उसी तरह चेहरे की ढीली होती मांसपेशियों को भी कसा जा सकता है।

हमारे चहरे में लगभग 52 मांसपेशियां होती हैं जिनके कसरत करने से चेहरे में दिखने वाला तनाव और आंखों पर पड़ने वाला ज़ोर कम होता है। फेशियल योगा हमारे चेहरे की मांसपेशियों को कसने का एक कुदरती तरीक़ा है जिससे आप जवां दिखते हैं। ये हमारे चेहरे से बढ़ी हुई चर्बी को कम करने में मदद करता है और हमारे गालों की हड्डियों को उभारता है। तो आइए जानते हैं फेशियल योगा करने के कुछ तरीके :

 

facial yoga
  1. सबसे पहले अपने मुंह में हवा भर लें और इस हवा को एक गाल से दूसरे गाल की तरफ़ बार बार भेजें। ऐसा कम से कम पांच बार करने के बाद मुंह से हवा को बाहर निकालें। जब आप हवा को बाहर निकालें तो “O” शब्द बनाएं। इस योगा को कम से कम 3 से 4 बार करने से गाल कसते हैं।   
  1. अपनी जीभ को जहां तक हो सके बाहर की तरफ़ निकालें और कम से कम 60 सेकेंड तक इसी अवस्था में रहें। इस योगा को भी आप तीन बार दोहरा सकते हैं।  
  1. अपने चेहरे को उपर की तरफ़ उठाएं और होठों को इस तरह बनाएं कि जैसे आप किसी चीज़ को चूमने की कोशिश कर रहे हों। इस योगा को आप 5 सेकेंड तक के लिए करें और कम से कम पांच बार दोहराएं। ऐसा करने से आपके गाल और जबड़े की मांसपेशियां उभरती हैँ। 
  1. अपने दोनों तरफ़ के गालों को बीच में खींचकर होठों को आगे करें जिससे आपका चेहरा मछली की तरह दिखने लगे। इस योगा को पांच बार दोहराएं जिससे होंठ और गालों को टोन्ड करने में मदद मिलती है।  
  1. अपनी आंखों को इस तरह से बड़ी कर लें जैसा किसी चीज़ से डरने पर करते हैं। इसके बाद अपने हाथों की उंगलियों को माथे पर रखकर त्वचा को पीछे की तरफ़ ढकेलें। ऐसा करने से आपकी आंखों के आसपास की त्वचा पर पड़ी झुर्रियां कम करने में मदद मिलती है।  

इन सभी तरह के योगा को आप कभी भी अपने खाली समय में कर सकते हैं। इसका असर भी जल्द ही चेहरे पर दिखने लगता है क्योंकि चेहरे की मांसपेशिंयां कम होती हैं। आज दुनियाभर में लाखों लोग खूबसूरत और जवां दिखने के लिए फेशियल योगा का सहारा ले रहे हैं जो कम समय में आसानी से किया जा सकता है।