Swasthya Plus Hindi

अच्छी नींद चाहिए तो करें ये व्यायाम

sleep

 हम में से कई लोग हैं जो सोने के लिए बिस्तर पर लेटते ज़रूर हैं लेकिन ठीक तरह से नींद नहीं आती। नतीजा ये कि नींद पूरी ना होने पर दिनभर शरीर में उर्जा और स्फूर्ति की कमी महसूस होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोने से पहले अगर कुछ आसान से व्यायाम करें तो इसके कई फ़ायदे हैं। 

दिनभर की थकान और चिंता लोगों को काम ख़त्म होने के बाद भी परेशान करती है और इससे नींद ना आने की शिकायत होने लगती है। धीरे धीरे ये दिक्कत अनिंद्रा जैसी बीमारी में भी बदल जाती है। लेकिन अगर सोने से पहले कुछ व्यायाम कर लिए जाएं तो, हमारा शरीर और मन शांत हो जाता है जिससे नींद भी अच्छी आती है। व्यायाम करने से हम दोबारा अपनी सांस लेने की प्रक्रिया और शरीर पर फोकस करते हैं। इस तरह से ध्यान लगाने पर दिमाग़ शांत और सरल महसूस करता है। शरीर में किसी तरह की मांसपेशियों में खिंचाव को भी ठीक करने में व्यायाम मदद करते हैं। हालांकि ध्यान रहे कि रात के वक्त बहुत कठिन और ज़रूरत से ज्यादा व्यायाम नुकसान कर सकता है। आइए जानते हैं कि रात को सोने से पहले किस प्रकार के व्यायाम करने चाहिए।  

बियर हग – इस व्यायाम को करने के लिए सबसे पहले खड़े होकर अपनी दोनों बाहें पूरी तरह फैला लें और सांस को अंदर की तरफ़ की खींचें। अब दाएं हाथ से बाएं कंधे और बाएं हाथ से दाएं कंधे को इस तरह पकड़े जैसे कि आप ख़ुद से ही गले मिल रहे हों और इस दौरान सांस को छोड़े। ऐसा कम से कम दस बार करें। इस व्यायाम को करने से कंधों में किसी तरह के तनाव और दर्द से छुटकारा मिलता है।  

नेक स्ट्रेच्स – इस व्यायाम को आप कहीं भी बैठे बैठे कर सकते हैं लेकिन आपकी पीठ बिल्कुल सीधी पोज़िशन में होनी चाहिए। इसे करने के लिए अपने दाएं हाथ से बायीं तरफ़ के कान को पकड़े और दाएं कान को दायीं तरफ़ के कंधे पर दस सेकेंड तक झुकाए रखें। इस पूरी प्रक्रिया को दूसरी तरफ़ भी दोहराएं। इसके बाद शरीर को बिना हिलाए सिर्फ़ गर्दन को दाएं, बाएं, आगे और पीछे की तरफ़ दस सेकेंड के लिए बारी बारी घुमाएं। इसे करने से गर्दन और कंधों के खिंचाव में राहत मिलती है और साथ ही तनाव भी कम होता है। 

चाइल्ड्स पोज़ – इसे करने के लिए अपने घुटनों के बल बैठ जाएं और एड़िया पीछे कर लें। अब अपने शरीर और चेहरे को नीचे झुकाते हुए पैरों से चिपका लें और दोनों हाथों को आगे की तरफ़ ले जाकर ज़मीन पर इस तरह रखें कि वो आपस में ना मिले। इस पोज़ को करते समय ज़ोर ज़ोर से सांस लें और कम से कम पांच मिनट तक इसी अवस्था में रहने के बाद शरीर और चेहरे को उठाएं और घुटनों के बल बैठें रहें। स्ट्रेस कम करने और शरीर को रिलेक्स करने के साथ ही इससे काफ़ी आराम भी मिलता है।    

Exit mobile version