राजधानी रांची में कोरोना के बढ़ते ग्राफ़ को देखते हुए रांची जिला प्रशासन द्वारा १४ अप्रैल २०२१ को रांची ज़िले के लिए ranchi.nic.in/covid/ नामक लाइव डैशबोर्ड शुरू किया गया है। इस डैशबोर्ड के ज़रिए ना केवल कोरोना से पीड़ित मरीज़ों और उनके परिवारवालों को बल्कि हर आम व्यक्ति की मदद के लिए सभी तरह की जानकारियां उपलब्ध करायी जा रही हैं।   

ranchi covid19 dashboard

रांची, कोविड – 19 लाइव डैशबोर्ड का ऑनलाइन शुभारंभ, रांची के उपायुक्त श्री छवि रंजन द्वारा किया गया जिसमें कोविड एप्स और पोर्टल के माध्यम से आम लोगों को जानकारी देकर मदद की जा रही है। कोरोना महामारी को लेकर सभी लोगों के मन में डर के साथ साथ कई तरह के सवाल हैं। लोग अस्पतालों, उपलब्ध बेड, ऑक्सीजन, टेस्टिंग सेटंर, वैक्सीनेशन सेंटर से लेकर कई और दूसरी जानकारियों के लिए परेशान हो रहे हैं। ऐसे में रांची ज़िला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस लाइव डैशबोर्ड से लोगों को जानकारियां जुटाने में काफ़ी सुविधा हो रही है। आइए आपको बताते हैं कि कैसे रांची कोविड -19 लाइव डैशबोर्ड से आम लोगों को मिल रहा है फ़ायदा। 

covid
  • इस लाइव डैशबोर्ड के माध्यम से रांची ज़िले के सभी अस्पतालों के नाम और उनके फोन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि मरीज़ों के परिजन अस्पतालों से जुड़ी जानकारी पहले से ही हासिल कर सकें।  
  • डैशबोर्ड के ज़रिए अस्पतालों में मौजूद कुल बेडों की संख्या के साथ साथ उपलब्ध बेडों की संख्या भी लगातार अपडेट की जा रही है ताकि बेड़ों की उपलब्धता को देखते हुए लोग अपने परिजनों को ज़रूरत पड़ने पर उसी अनुसार एडमिट करा सकें।  
  • जिन अस्पतालों में ऑक्सीजन के साथ बेड उपलब्ध हैं, उनकी संख्या भी लगातार अपडेट करके बताई जा रही है। इसके अलावा अधिक गंभीर मरीज़ों के लिए आईसीयू की उपलब्धता किन अस्पतालों में कितनी है, इस बात की जानकारी भी इस डैशबोर्ड के माध्यम से लोगों को दी जा रही है।  
  • ज़िले में कुल मरीज़ों की तादाद के अलावा एक्टिव केस और अस्पतालों से ठीक होकर डिस्चार्ज किए मरीज़ों के बारे में हर समय अपडेट किया जा रहा है। इसके साथ ही कोरोना पीड़ित मरीज़ों की मौत का आंकड़ा भी बताया जा रहा है।  
  • ज़िले में काम कर रहे लगभग दस कोविड-19 टेस्टिंग सेंटर और उनके पते, इस पोर्टल के माध्यम से लोगों को बताए जा रहे हैं ताकि सुविधानुसार लोग अपने नज़दीकी जांच केंद्र पर ही कोविड टेस्ट करवा सकें। इसके साथ ही अबतक हुए कुल टेस्ट और पाज़िटिव पाए गए मरीज़ों की संख्या भी हफ्ते दर हफ्ते बताई जा रही है।  
  • जांच केंद्रों के अलावा रांची में लगभग सौ से अधिक वैक्सीनेशन सेंटर, उनके फोन नंबर और पते को भी जारी किया गया है। साथ ही वैक्सीनेशन से जुड़ी दूसरी जानकारियां जैसे कि उम्र, रजिस्ट्रेशन, आईडी प्रूफ वगैरह के बारे में भी बताया गया है।  
  • इस डैशबोर्ड के ज़रिए लोगों को कोरोना से जुड़ी किसी भी तरह की ग़लत जानकारी को फैलाने के विरूद्ध सतर्क किया जा रहा है ताकि आम लोगों के मन में डर पैदा ना हो। वहीं लोगों द्वारा पूछे गए सवालों का भी हर संभव उत्तर दिया जा रहा है।  

रांची ज़िला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस पहल से रांचीवासियों को कम समय में सटीक जानकारी मिलने में आसानी हो रही है। उम्मीद करते हैं कि इस डैशबोर्ड के शुरू होने से हम सभी को कोरोना से लड़ाई लड़ने में मदद मिलेगी।